बकरीद पर्व को लेकर डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बकरीद पर्व को लेकर डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा


किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्वयं शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारी करीब तीन घंटे तक शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे और प्रतिनियुक्त अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की ओर से 300 से अधिक प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों के अलावा चिन्हित मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार गांधी चौक सहित विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचे और वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने आम लोगों से भी बातचीत कर हालचाल जाना तथा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। वहीं एसपी ने यह भी जांच की कि जिन पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद हैं या नहीं।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज के लोग शांतिप्रिय हैं और सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर पर्व मना रहे हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

प्रशासन की ओर से प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर सेल एवं पुलिस की विशेष टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग कर रही है। वहीं एसडीएम अनिकेत कुमार भी सुबह से शहर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story