भारत-नेपाल सीमा पर डीएम-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर डीएम-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश


किशनगंज, 04 सितंबर (हि.स.)। इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से ठाकुरगंज प्रखंड के सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पाठामारी थाना क्षेत्र से लेकर दल्लेगांव पंचायत तक विभिन्न संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान डीएम और एसपी ने झुलन पुल के सहारे मेची नदी पार कर भारत-नेपाल सीमा पर स्थित दल्लेगांव पंचायत के नो मेंस लैंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता, आवागमन और निगरानी व्यवस्था की स्थिति को देखा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से सीमा पर होने वाली गतिविधियों की जानकारी लेते हुए लगातार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध अथवा अवांछित गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जाए और सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो। सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने दल्लेगांव स्थित मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, शैक्षणिक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को स्वयं देखा। इसके बाद मोटरसाइकिल से क्षेत्र का भ्रमण करते हुए आरसीडी सड़क, भवानीगंज में निर्माणाधीन पुल और सुखानी थाना का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं और विकास कार्यों पर भी प्रशासन की नजर है।

नियमित निरीक्षण के माध्यम से समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन आदित्य कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, बीडीओ, सीओ, पंचायत के मुखिया, बीएसएफ के जवान समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story