गलगलिया चेकपोस्ट पर तस्करी रोकने को डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग

WhatsApp Channel Join Now
गलगलिया चेकपोस्ट पर तस्करी रोकने को डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग


गलगलिया चेकपोस्ट पर तस्करी रोकने को डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग


किशनगंज, 04 सितंबर (हि.स.)। बिहार के बाहर से किशनगंज में प्रवेश करने वाले वाहनों के माध्यम से होने वाली अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने निगरानी व्यवस्था और कड़ी करने का निर्णय लिया है।

ठाकुरगंज प्रखंड सभागार में जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में गलगलिया चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई।

बैठक में बिहार के बाहर से आने वाले गिट्टी, बालू, फर्जी जीएसटी बिल एवं माइनिंग चालान के साथ-साथ मवेशी, बेडमिशाली, कोयला, लकड़ी, ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना और चांदी समेत अन्य प्रतिबंधित एवं अवैध सामानों की तस्करी की जांच और रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी आवर में पूरी सजगता के साथ वाहनों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

संदिग्ध वाहनों एवं कागजात की बारीकी से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व विभाग ने बिहार के बाहर से आने वाले बालू और गिट्टी लदे वाहनों की जांच के लिए निर्धारित एसओपी की विस्तृत जानकारी दी। वहीं परिवहन विभाग, जीएसटी एवं उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने वाहनों के कागजात और संबंधित नियमों के बारे में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को जानकारी दी।

अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। कहा गया कि गलगलिया चेकपोस्ट सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां विशेष सतर्कता आवश्यक है।

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story