मंडल कारा का निरीक्षण कर डीएलएसए सचिव ने परखी व्यवस्थाएं

WhatsApp Channel Join Now
मंडल कारा का निरीक्षण कर डीएलएसए सचिव ने परखी व्यवस्थाएं


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव ओम शंकर ने बुधवार को मंडल कारा, किशनगंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, विधिक सहायता तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में सचिव ने कारा प्रशासन से बंदियों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंदी को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही कारा परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और बंदियों के मानवाधिकारों का पूरी तरह संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सचिव ओम शंकर ने अधिकारियों से कहा कि जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी नियमित रूप से दी जानी चाहिए। इसके लिए जेल विजिटिंग अधिवक्ताओं तथा पारा विधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से समय-समय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, न्यायिक प्रक्रिया तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान कारा प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया कि बंदियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए और उनकी आवश्यकताओं पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जेल में उपलब्ध सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों, ताकि बंदियों को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने स्पष्ट किया कि मंडल कारा में समय-समय पर निरीक्षण और विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बंदियों के अधिकारों की रक्षा के साथ उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story