स्वस्थ और जागरूक महिला ही सशक्त समाज की नींव: डीएलएसए के शिविर में गूंजी महिला अधिकारों की आवाज

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ और जागरूक महिला ही सशक्त समाज की नींव: डीएलएसए के शिविर में गूंजी महिला अधिकारों की आवाज


कटिहार, 06 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), कटिहार के तत्वावधान में शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दहेज प्रथा उन्मूलन, लैंगिक समानता, संवैधानिक मूल्य एवं महिला अधिकारों पर केंद्रित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अवर न्यायाधीश कमलेश सिंह देव ने की। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की 70 एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया और अंत में सभी ने समाज से दहेज प्रथा को जड़ से समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली।

जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए अवर न्यायाधीश कमलेश सिंह देव ने कहा कि दहेज प्रथा एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसके खात्मे के लिए केवल कानून ही काफी नहीं, बल्कि समाज के हर तबके को अपनी सोच बदलकर आगे आना होगा। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति मुखर होने और अन्याय के खिलाफ विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. एस. सरकार ने महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार और स्वस्थ समाज की नींव होती है। महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और अधिकारों दोनों के प्रति सजग रहना चाहिए।

वहीं, डॉ. आभा कुमारी ने संवैधानिक मूल्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय के अधिकारों पर चर्चा करते हुए कहा कि महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी होना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने सुझाव दिया कि महिलाओं को जागरूक रखने के लिए ऐसे विधिक शिविर हर महीने प्रखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी अपने अधिकारों को जान सकें। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संयोजन के लिए डीएलएसए के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर में उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक परामर्श तंत्र और महिला सुरक्षा कानूनों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। इस मौके पर प्रभा वर्मा, एसपीओ प्रवीण कुमार, टीएसएन रोशन कुमार, अविनाश कुमार, आशीष कुमार झा, प्रधान सहित प्राधिकार और स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story