नालसा की 'डॉन' व 'आशा' योजना पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम: युवाओं से सूखे नशे व बाल विवाह के खिलाफ आगे आने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
नालसा की 'डॉन' व 'आशा' योजना पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम: युवाओं से सूखे नशे व बाल विवाह के खिलाफ आगे आने का आह्वान


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रणवीर सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को दर्शन साह महाविद्यालय में नालसा की 'डॉन' एवं 'आशा' योजना के तहत एक दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा मुख्य अतिथि न्यायाधीश सह सचिव कमलेश सिंह देऊ व अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन तटवासी समाज न्यास के कवच परियोजना के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर रोशन कुमार ने किया।

संबोधन के दौरान न्यायाधीश सह सचिव कमलेश सिंह देऊ ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानून की जानकारी पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने 'जागृति', 'डॉन' और 'आशा' योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद सूखे नशे का बढ़ता दायरा गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आकर स्वयं नशे से दूर रहें और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। इस दौरान उन्होंने समानता के अधिकार, दहेज प्रतिषेध, महिला संरक्षण कानून तथा आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तार से बताया।

प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध इस पहल के लिए प्राधिकार का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया। मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने प्राधिकार की निशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी, जबकि महिला विकास निगम वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रभा पांडे ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 सहित महिला हेल्पलाइन (181), आपातकालीन सेवा (112), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और नालसा के टोल-फ्री नंबर (15100) के उपयोग पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रियंका कुमारी, कुमारी पायल, शिवी कुमारी, रोशनी सना, कोनिका कुमारी, अमर कुमार गुप्ता, रणविजय राय, चंद्रभान, आयुष कुमार और स्नेहा आंचल ने नारी सशक्तिकरण, दहेज प्रथा उन्मूलन, बाल विवाह रोकथाम और संविधान पर अपने विचार रखे। अंत में डॉ. शीला कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. विवेकानंद स्वामी, प्राधिकार के सिंटू कुमार, मो. शाहनवाज, पीएलवी पवन कुमार, अमृता यूनिवर्सिटी के फरहान फारुकी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story