श्रावणी मेला को लेकर प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला को लेकर प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित


भागलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को भागलपुर एवं मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, भागलपुर प्रक्षेत्र, भागलपुर एवं मुंगेर प्रमंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के प्रमंडलीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभागवार श्रावणी मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रत्येक विभाग द्वारा उपलब्ध संसाधनों, की गई तैयारियों, शेष कार्यों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गृह विभाग की समीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, महिला पुलिस बल की उपलब्धता, होमगार्ड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष, खोया-पाया केंद्र तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा में सफाई व्यवस्था, सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई। पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत कांवरिया पथ एवं संपर्क मार्गों की मरम्मत, गड्ढामुक्त सड़क, संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षित आवागमन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसी क्रम में ऊर्जा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, जल संसाधन विभाग, पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों के व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान भारतीय रेल के अधिकारियों द्वारा भी श्रावणी मेला-2026 के लिए रेल सेवाओं की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर करें।

पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों की निगरानी में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि श्रावणी मेला-2026 का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story