डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 15 वर्षीय किशोर की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 15 वर्षीय किशोर की मौत, एक गंभीर


डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 15 वर्षीय किशोर की मौत, एक गंभीर


सुपौल, 05 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मिली जानकारी के अनुसार, परसरमा के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सिहे वार्ड संख्या-13 निवासी मोहम्मद यूनुस के पुत्र फिरदोस अनवर (15) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा सिहे निवासी मोहम्मद मेराज का पुत्र मोहम्मद शोएब गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल, सुपौल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद फिरदोस अनवर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शोएब की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।मृतक के पिता मोहम्मद यूनुस ने बताया कि हादसे के समय वह सुपौल में थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें अपने बेटे की मौत की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, सदर थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।इस हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story