भीषण अगलगी में चार परिवार तबाह, पांच घर जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
भीषण अगलगी में चार परिवार तबाह, पांच घर जलकर राख


भीषण अगलगी में चार परिवार तबाह, पांच घर जलकर राख


सुपौल, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड के जदिया पंचायत अंतर्गत फुलकाहा वार्ड 21 में शनिवार की सुबह अचानक भीषण आग लगने से चार परिवारों के पांच घर जलकर पूरी तरह राख हो गए।

आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ जलकर खाक हो गया।

इस दर्दनाक घटना में गोसाय शर्मा, मिथलेश शर्मा, पप्पू शर्मा और खट्टर शर्मा के घर पूरी तरह जल गए। आग ने इन परिवारों की वर्षों की जमा पूंजी पलभर में छीन ली। अगलगी में करीब 70 हजार रुपये नकद, दो साइकिल, अनाज, बर्तन, फर्नीचर, कपड़े तथा महत्वपूर्ण कागजात जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और खाने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

आग लगने के घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आग चूल्हे की चिंगारी या बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आग लगने के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी पहुंचे, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सामने अब सिर छुपाने और भोजन की व्यवस्था की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने और गांव में सड़क सुविधा बहाल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। इस संबंध में अंचल अधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही एक कर्मी को घटनास्थल पर भेज दिया गया है।

सर्वेक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आपदा विभाग द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि जल्द ही पीड़ित परिवारों को प्रदान की जाएगी। तत्काल सहायता के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story