जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि के लैंड बैंक को अद्यतन करने का दिया आदेश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि के लैंड बैंक को अद्यतन करने का दिया आदेश


जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि के लैंड बैंक को अद्यतन करने का दिया आदेश


सारण, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला राजस्व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। समाहर्त्ता कक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की विभिन्न योजनाओं और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने हेतु कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने न्यायालय में लंबित वादों पर गंभीर रुख अपनाते हुए सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ससमय तथ्य विवरणी दाखिल करना सुनिश्चित करें ताकि न्यायिक प्रक्रिया में विलंब न हो। इसके साथ ही उन्होंने सभी अंचलों में उपलब्ध सरकारी भूमि के लैंड बैंक को अद्यतन करने का आदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से बड़े भूखंडों को चिन्हित कर उन्हें लैंड बैंक में प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने को कहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों की परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी भवनों और संरचनाओं के निर्माण हेतु अधियाचित भूमि का प्रस्ताव अविलंब तैयार कर उपलब्ध कराएं। साथ ही जिला राजस्व शाखा को प्राप्त पत्रों के अनुपालन हेतु त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्त्ता, राजस्व शाखा प्रभारी, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता एवं जिले के सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story