जिलाधिकारी ने दिया अगलगी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)।बिहार में बढ़ रहे गर्मी के बीच अगलगी की घटना काे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लाेगाें काे जागरूक करने का काम शुरू कर दिया है। इस क्रम में शनिवार काे पटना के ज़िलाधिकारी एस त्यागराजन ने पदाधिकारियों को अगलगी की घटनाओं की रोकथाम तथा न्यूनीकरण हेतु सम्पूर्ण पटना जिला में सघन जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही आम जनता से भी राज्य सरकार द्वारा जारी ‘‘क्या करें एवं क्या न करें’’ का अनुपालन करने तथा इसे जन-जन तक प्रसारित करने का आह्वान किया गया है। अग्नि-प्रवण काल (15 मार्च-15 जून) में विशेष सतर्कता की आवश्यकता है।

लोगों को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना के नेतृत्व में 3 मार्च से 9 मार्च तक विशेष साप्ताहिक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था। सम्पूर्ण पटना जिला में 14-20 अप्रैल की अवधि में “अग्नि सुरक्षा सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। ज़िलाधिकारी ने पदाधिकारियों को इस दौरान गाँव-गाँव तथा शहरों में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। आपदा की स्थिति में डायल-112/101, जिला अग्नि नियंत्रण कक्ष (7485805821), जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (0612-2210118) या 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234) पर सूचना दी जा सकती है।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बिहार अग्निशमन सेवा एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार सरकार द्वारा अग्नि सुरक्षा के लिए समय-समय पर जनहित में ‘‘क्या करें, क्या न करें’’ जारी किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story