सारण में जिलाधिकारी ने युवाओं से किया सीधा संवाद ,कहा बनें जिम्मेदार नागरिक
सारण, 28 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में शिक्षा विभाग के तत्वावधान में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्विज प्रतियोगिता से हुई, जिसमें कई विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सीधे संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने एकाग्रता की कमी, मार्गदर्शन का अभाव और भविष्य की चिंताओं पर कई सवाल पूछे। इनका समाधान करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह केंद्रित रहें। पढ़ाई को छोटे-छोटे समय खंडों में बांटकर ध्यान लगाएं।
विषयों को रटने के बजाय समझने की कोशिश करें और नियमित रिवीजन व शॉर्ट नोट्स बनाने की आदत डालें। सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को उन्हे पहले अपनी वर्तमान पढ़ाई और अच्छे कॉलेज में प्रवेश पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।जिलाधिकारी ने युवाओं को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने, अच्छी किताबें पढ़ने तथा कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर चुनौतियों का सामना करने को कहा।
कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदर्शनों के दौरान यदि उपद्रव हो, तो वहां से तत्काल हट जाएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या परिजनों को दें। कार्यक्रम में उपस्थित डीएसपी साइबर ने छात्रों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि बड़ा करियर बनाने से ज्यादा जरूरी है एक जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनना। अधिकारियों के इस सीधे संवाद और मार्गदर्शन से छात्र-छात्राएं बेहद उत्साहित दिखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

