जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर के लंबित मामलों पर की समीक्षा बैठक
सारण, 20 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभागवार एवं प्रखंडवार लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर अब तक कुल 6,079 शिकायतें, मांग एवं सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3,528 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। वर्तमान में लंबित अधिकांश आवेदन 19 मई को आयोजित सहयोग शिविर के हैं, जिनका निष्पादन अभी प्रक्रियाधीन है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निष्पादन न किया जाए, बल्कि उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो।
उन्होंने समय सीमा के भीतर काम करने पर जोर देते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को केस-टू-केस समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन सहित जिला स्तरीय अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे, जबकि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

