विभिन्न विकासात्मक योजनाओं में प्रगति का जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण
पटना, 06 जनवरी (हि.स.)। जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक योजनाओं में प्रगति का स्थल निरीक्षण कर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम ने अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने दाधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाधि स्थल के निर्माण हेतु दुजरा दियारा मौजा में स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दरम्यान जेपी गंगा पथ एवं देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान (वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क) के बीच समाधि स्थल के निर्माण हेतु 1.75 एकड़ जमीन चिन्हित किया गया। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी, पटना सदर को अग्रतर कार्रवाई करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाधि स्थल का निर्माण नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत क्रियान्वयन एजेंसी बुडको द्वारा किया जा रहा है। पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को इस योजना पर तीव्र गति से कार्य करने का निदेश दिया गया है।
इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के समाधि स्थल एवं जेपी गंगा पथ के बीच वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क निर्माण हेतु स्थल निरीक्षण किया गया तथा 10 एकड़ भूमि चिन्हित किया गया। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी, पटना सदर को अग्रतर कार्रवाई करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि वेस्ट टू वंडर थीम पार्क का निर्माण नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको द्वारा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान (वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क) का शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा 06 अगस्त, 2025 को किया गया था। इस पार्क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का समाधि स्थल है वहीं दूसरी ओर विश्वप्रसिद्ध जेपी गंगा पथ है। इस पार्क में बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास एवं संस्कृति के विभिन्न अवयवों को प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने दीघा से सभ्यता द्वार तक समग्र उद्यान के विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा ड्रेनेज चैनल एवं अन्य संबंधित समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि बीएसआरडीसी द्वारा इस योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा गाँधी मैदान के नजदीक पटना हाट निर्माण कार्य हेतु प्रगति का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक, यातायात के कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पटना के विकास हेतु तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। सैकड़ों की संख्या में यहाँ विकासात्मक योजनाएँ चल रही है। जन-सुविधा हेतु काफी बड़ी संख्या में सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर इत्यादि का निर्माण किया गया है। यह उत्तरोत्तर जारी है। इससे लोगों का जीवन-यापन काफी आसान हो गया है। ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालीन एवं अल्पकालीन योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिला में 10,871 (दस हजार आठ सौ एकहत्तर) करोड़ रुपया से अधिक की विकास योजनाओं से संबंधित 32 घोषणाएँ की गई थी जिसका राज्य सरकार द्वारा शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी। इन योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित एजेंसियों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त द्वारा इसका नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वे इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा क्षेत्र भ्रमण के समय निरीक्षण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के आलोक में जिला में योजनाओं के क्रियान्वयन की सुदृढ़ अनुश्रवण प्रणाली विकसित की गई है। स्वयं उनके अर्थात् जिलाधिकारी के स्तर से इसका नियमित अनुश्रवण किया जाता है। पदाधिकारियों को अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य करने का निदेश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

