जिला जनता दरबार आयोजित: 50 परिवादियों की समस्याओं की हुई सुनवाई
भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया।
इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 50 परिवादी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा सभी परिवादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना गया और प्राप्त आवेदनों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारों को अग्रसारित कर दिया गया। सुनवाई के दौरान कई गंभीर और महत्वपूर्ण मामले सामने आए, जिन्हें तुरंत संबंधित विभागों को सौंपा गया।
सुल्तानगंज की श्रीमती शीला देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी सुल्तानगंज को भेजा गया। उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिरहट्टी (सुल्तानगंज) की प्रधानाध्यापक रश्मि कुमारी ने विद्यालय भवन से बिल्कुल सटे 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज विद्युत लाइन को अविलंब हटाने की गुहार लगाई। नाथनगर के रब्बो दास ने भूमिहीन परिवार को 03 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने तथा परवत्ता (बोड़वा) की शिरोमणी देवी ने भी भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन दिया। जनता दरबार के अंत में संबंधित सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार और समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

