जिले में बाढ़ पूर्व तैयारी की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
सुपौल, 06 जून (हि.स.)। आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़-सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए शनिवार को लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य बाढ़ पूर्व तैयारियों का आकलन कर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करना था।
बैठक में बिहार मौसम सेवा केंद्र, कृषि, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपनी-अपनी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से बाढ़ पूर्व किए गए कार्यों एवं शेष तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
डीएम ने नावों के निबंधन एवं एकरारनामा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संसाधन समय पर उपलब्ध रहने चाहिए। उन्होंने बाढ़ शरणस्थलों में आवास, भोजन, पेयजल, चापाकल, बिजली तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उपलब्ध संसाधनों की जांच एवं रखरखाव कर आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक दवाओं की अद्यतन सूची तैयार रखने और पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप स्थापित करने तथा आवश्यक मानवबल की प्रतिनियुक्ति की तैयारी भी समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया गया।
पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु स्थानीय विक्रेताओं से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वहीं जल संसाधन विभाग ने बताया कि जिले में संचालित 40 कटाव निरोधी कार्यों में से 39 कार्य पूरे हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने तथा संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला एवं अंचल स्तर के नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने, संचार व्यवस्था मजबूत करने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपदा मित्रों को प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी कर किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
बैठक में डीडीसी सारा अशरफ, एडीएम सच्चिदानंद सुमन, एसडीएम मनोहर साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

