अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
सहरसा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अगलगी की घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर अग्निशमन विभाग सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिला अग्निशमन पदाधिकारी सीमा भारती सिमरी बख्तियारपुर पहुंचीं।
उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, पुरानी बाजार दुर्गा मंदिर एवं रेलवे दुर्गा मंदिर के पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंडालों में आग से बचाव के इंतजाम, बिजली के तारों की स्थिति, आपातकालीन निकास सहित सुरक्षा के अन्य पहलुओं पर ध्यान दिया गया। उन्होंने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडालों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
बिजली के तारों को व्यवस्थित रखने तथा ज्वलनशील सामग्री के उपयोग में सावधानी बरतने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में अगलगी जैसी घटनाओं से बचाव के लिए पहले से ही जरूरी इंतजाम करना बेहद आवश्यक है। पूजा समितियों को अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
निरीक्षण के दौरान सब आफिसर अभितांश कुमार, प्रधान अग्निक अनुराग कुमार, अग्निक चालक अमित कुमार, नवीन कुमार, अग्निक दुर्गेश कुमार, परवीन कुमार एवं चितरंजन कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
अग्निशमन विभाग की ओर से पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

