सुपौल जिला शतरंज संघ को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल जिला शतरंज संघ को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित


सुपौल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित इनडोर स्टेडियम एवं बीएसएस कॉलेज परिसर में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दौरान शतरंज के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुपौल जिला शतरंज संघ को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शतरंज संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

शतरंज खेल को जिले के विद्यालयों में बढ़ावा देने के उद्देश्य से संघ के कार्यकारी अध्यक्ष रुद्र प्रताप लाल, सचिव शशांक राज, जिला संयोजक प्रमोद कुमार यादव, संयुक्त सचिव राजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। संघ की ओर से विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को शतरंज प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चों को शतरंज के माध्यम से उनकी एकाग्रता, सोचने की क्षमता और खेल भावना विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बीएसएस कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शतरंज प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

समापन समारोह में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार यादव ने जिला शतरंज संघ के जिला संयोजक प्रमोद कुमार यादव को सम्मानित किया। अधिकारियों ने संघ द्वारा जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी खेल गतिविधियों के विस्तार में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले के विद्यालयों में शतरंज को लेकर बच्चों की रुचि लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में अधिक से अधिक विद्यालयों के बच्चों को प्रतियोगिताओं से जोड़ने तथा उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story