अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन ने की कार्यवाई 6 वाहन जप्त
सारण, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन सारण ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। जिला खनन पदाधिकारी सर्वेश कुमार संभव के नेतृत्व में तीन फरवरी की मध्य रात्रि को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान दरिहरा थानांतर्गत बिना वैध परिवहन चालान के बालू ले जा रहे 5 ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है। इन सभी वाहनों पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कुल 5.30 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त, बिना ई-चालान के परिचालन कर रहे एक 10 चक्का ट्रक को भी पकड़ा गया, जिस पर 8.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जांच टीम जब दरिहरा बालूघाट पहुंची, तो वहां भारी अनियमितताएं पाई गईं। खनन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्धारित ईसी क्षेत्र से बाहर और तय गहराई से अधिक खनन किए जाने के मामले में 62.46 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। बिना खननसॉफ्ट रजिस्ट्रेशन के चालान जारी करने पर 2 वाहनों पर 2 लाख रुपये का दंड लगा। मौके से लगभग 3000 CFT अवैध उजला बालू जप्त किया गया। घाट पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरकारी राजस्व की चोरी और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

