कजिकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध में कटाव को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद

WhatsApp Channel Join Now
कजिकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध में कटाव को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद


भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक अंचल के कजिकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध, वार्ड संख्या-12, टोला-शंकरपुर के समीप बांध में बीते रात्रि लगभग 2:30 बजे से कटाव की सूचना प्राप्त हुई। उक्त कटाव स्थल से ऊर्जा मंत्री, बिहार सरकार बुलो मंडल का आवास लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

कटाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। जिला पदाधिकारी, भागलपुर, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा वहीं कैंप कर स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। कटाव के कारण पानी नवगछिया की ओर बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने एवं पानी के प्रवाह को रोकने के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग के सभी अभियंता एवं तकनीकी कर्मी युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।

कटाव को नियंत्रित करने एवं बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं सामग्री मौके पर उपलब्ध कराकर सुरक्षात्मक कार्य लगातार जारी है। जिला प्रशासन एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की पूरी टीम मौके पर कैंप करते हुए स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

प्रशासन एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की पूरी टीम पूरी तत्परता एवं मुस्तैदी के साथ मौके पर कार्यरत है। नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी सूचना के लिए आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा रखने की अपील की जाती है। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। सभी संबंधित अधिकारी एवं अभियंता मौके पर कैंप कर रहे हैं और कटाव को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story