डीएम ने नाविकों के बीच बांटे चेक

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने नाविकों के बीच बांटे चेक


भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। भागलपुर के बरारी गंगा घाट अवस्थित नियंत्रण कक्ष में जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के द्वारा शुक्रवार को नाविकों के बीच चेक का वितरण किया गया। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव भी मौजूद थे।

डीएम ने नाविकों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा 50 यात्री क्षमता वाले नाव के परिचालन के लिए पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया था।

नाव परिचालन व्यय की राशि जिला प्रशासन द्वारा प्रदान करने के लिए कहा गया था। दो दिनों के अंदर ही राशि प्राप्त हो गई। नाव परिचालन की राशि का वितरण चेक के द्वारा किया जा रहा है। लेकिन ऐसी सूचना प्राप्त हो रही है की कुछ नाविक राशि नहीं मिलने का हवाला देते हुए अवैध रूप से राशि की वसूली यात्रियों से कर रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया पर भी उन्होंने बयान दिया है। जिन्हें आज राशि भी मिल गई है। अब यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होगी की किसी नाविक ने अवैध रूप से किसी यात्री से राशि की वसूली की है तो उनके नाव को जब्त करते हुए उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। 50 यात्रियों की क्षमता वाले योग्य नाव के जो नाविक अपने नाव का पंजीकरण कराकर परिचालन करना चाहते हैं तो वे अपने कागजात नियंत्रण कक्ष में जमा करावें। उनका पंजीकरण आधे घंटे में हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि छोटी नाव को इसलिए चलाने की अनुमति नहीं दी जा रही है की तेज हवा में नाव पलटने की संभावना रहती है।

इस अवसर पर, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, नागेंद्र कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश कुमार रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नगर अजय कुमार चौधरी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story