नवादा में में 40 अनुसूचित जाति के लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
नवादा में में 40 अनुसूचित जाति के लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण


नवादा, 14 जून (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली प्रखंड में रविवार को पशुपालन विभाग ने राज्य योजनांतर्गत समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत 40 अनुसूचित जाति के लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया। योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक विमल राजवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार कुशवाहा ने लाभुकों को बकरी पालन के महत्व एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने की जानकारी दी। जिला नोडल पदाधिकारी (बकरी विकास) डॉ. जे. के. दीपक ने योजना के उद्देश्यों एवं पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी रजौली डॉ. रेषु कुमार एवं भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी अंधरवारी डॉ. अभय कुमार ने लाभुकों को बकरियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में जीविका रजौली के बीपीएम मनीष कुमार तथा एरिया कोऑर्डिनेटर चंदन कुमार भी उपस्थित रहे।

समारोह में कुल 40 लाभुकों को तीन-तीन बकरियां प्रदान की गईं। लाभुकों ने सरकार एवं पशुपालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम में सभी लाभुकों सहित पशुपालन विभाग एवं जीविका के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story