फलका के भंगहा पंचायत में लगी संध्या चौपाल: ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
फलका के भंगहा पंचायत में लगी संध्या चौपाल: ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को फलका प्रखंड के भंगहा पंचायत (वार्ड संख्या-02) स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के प्रांगण में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में 'संध्या चौपाल' का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को सरल और सहज भाषा में सरकारी योजनाओं के लाभ व प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर टीबी (क्षय रोग) से ग्रसित रोगियों के बीच पौष्टिक आहार किट का भी वितरण किया गया।

संध्या चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्वयं चलकर ग्रामीणों के द्वार तक आया है, ताकि लोग बिना किसी भय या झिझक के अपनी समस्याएं रख सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों को मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, जीविका, कृषि, बिजली, पेयजल एवं शिक्षा विभाग की योजनाओं से अवगत कराया गया।

चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, आवास, सड़क, नल-जल और भूमि विवाद से जुड़ी अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने कई समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन कराया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, फलका के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी, सिविल सर्जन के प्रतिनिधि, जिला क्षय रोग पदाधिकारी, भंगहा के मुखिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story