अलायंस क्लब ऑफ भागलपुर सिल्क सिटी ने छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री
भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर अलायंस क्लब ऑफ भागलपुर सिल्क सिटी द्वारा रविवार को एक सेवा कार्य का आयोजन किया गया।
क्लब के सदस्यों ने साहिबगंज चौक स्थित हनुमान मंदिर के समीप बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंद छठ व्रति महिलाओं के बीच पूजन सामग्रियों का वितरण किया। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए क्लब के अध्यक्ष अलाय अभिषेक डालमिया ने बताया कि महापर्व को लेकर करीब 225 पीस सूप और नारियल का वितरण किया गया। इसके साथ ही लगभग 250 व्रति महिलाओं को छठ पूजन के लिए विशेष पैकेट्स सौंपे गए, जिनमें सिन्दूर, अगरबत्ती, घी, कपूर, माचिस और दीपक जैसी आवश्यक सामग्रियां शामिल थीं। इस अवसर पर अलाय नीलम डालमिया ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अलायंस क्लब को भागलपुर में सेवा कार्य करते हुए 2 साल पूरे हो चुके हैं।
यह एक पूर्णतः भारतीय अंतरराष्ट्रीय एनजीओ है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संस्था को मिलने वाले दान का एक भी रुपया विदेश नहीं जाता है, बल्कि जो भी सहयोग प्राप्त होता है, उसे पूरी तरह इसी देश के जन-मानस और जन कल्याणकारी कार्यों पर खर्च किया जाता है। इस पुनीत सेवा कार्य को सफल बनाने में संयोजक अलाय रणजीत बांकिया और खुशबू बांकिया ने अपना भरपूर योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान क्लब के वरिष्ठ सदस्य अलाय कमल मरोदिया, नितिन सिंघानिया, अरुण सराफ, महेश सिंघानिया, ओ पी शर्मा, दीपक रुंगटा, हर्षित बांकिया सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे और व्रतियों की सेवा कर पुण्य के भागी बने।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

