सहौरा में बाढ़ पीड़ितों के बीच समाजसेवी ने बांटा राशन, सरकार से की स्थायी समाधान की मांग
भागलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के रंगरा प्रखंड क्षेत्र के कौशकीपुर सहौरा पंचायत में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जन प्रतिनिधियों ने सक्रियता दिखाई है।
मंगलवार को पंचायत समिति प्रतिनिधि विनोद सिंह के नेतृत्व में बाढ़ से घिरे करीब 800 से अधिक प्रभावित परिवारों के बीच सूखे राशन की राहत सामग्री का वितरण किया गया। राशन वितरण के दौरान प्रभावित ग्रामीणों को ढाढस बंधाते हुए पंचायत समिति प्रतिनिधि विनोद सिंह ने कहा कि वर्तमान में बाढ़ के कारण क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर वर्ष इस क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को बाढ़ और भीषण कटाव की विभीषिका झेलनी पड़ती है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता है। विनोद सिंह ने प्रशासन और राज्य सरकार से अपील करते हुए मांग की है कि इस क्षेत्र को हर साल तबाही से बचाने के लिए बाढ़ और कटाव का कोई स्थायी व ठोस तकनीकी समाधान निकाला जाए, ताकि ग्रामीणों को इस सालाना संकट से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सके। राहत सामग्री पाकर पीड़ितों ने संकट की इस घड़ी में मदद के लिए आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

