समाजसेवी 800 से अधिक परिवारों को बांटा सूखा राशन

WhatsApp Channel Join Now
समाजसेवी 800 से अधिक परिवारों को बांटा सूखा राशन


भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)।

रंगरा प्रखंड के कौशकीपुर सहौरा पंचायत में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाजसेवी हियालाल यादव ने राहत का हाथ बढ़ाया है।

सोमवार को सहौरा गांव में उन्होंने एक सराहनीय पहल करते हुए करीब 800 से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन का वितरण किया। राशन पैकेट में दैनिक उपयोग की जरूरी खाद्य सामग्रियां शामिल थीं, जिसे पाकर बेघर और संकट झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए समाजसेवी हियालाल यादव ने कहा कि बाढ़ के कारण क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। हर वर्ष यहां की एक बड़ी आबादी को बाढ़ और भीषण कटाव की समस्या का सामना करना पड़ता है, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर जाता है।

उन्होंने राज्य सरकार से इस गंभीर संकट पर ध्यान देने और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस और दूरगामी कदम उठाने की मांग की। समाजसेवी हियालाल यादव ने जिले की जिलाधिकारी से विशेष आग्रह किया है कि वे स्वयं कौशकीपुर सहौरा पंचायत का दौरा करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर जमीनी हकीकत को देखने के लिए अधिकारियों का आना जरूरी है ताकि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और स्थानीय लोगों की जनसमस्याओं से सीधे अवगत हो सकें।

इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से इन पीड़ित परिवारों की समस्याओं के त्वरित और आवश्यक समाधान के लिए ठोस पहल करने की अपील भी की है। राहत वितरण के दौरान कई स्थानीय ग्रामीण और प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story