बेताला फाउंडेशन ने 51 जरूरतमंद महिलाओं के बीच वितरित की छठ पूजा सामग्री

WhatsApp Channel Join Now
बेताला फाउंडेशन ने 51 जरूरतमंद महिलाओं के बीच वितरित की छठ पूजा सामग्री


भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर बेताला फाउंडेशन की ओर से सामाजिक सरोकार और सेवा की मिसाल पेश की गई।

संस्था ने स्वर्गीय हंसराज बेताला एवं स्वर्गीय सरोज जैन बेताला की पावन स्मृति में गुरुवार को 51 जरूरतमंद छठ व्रती महिलाओं के बीच पूजा की संपूर्ण सामग्री का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान व्रतियों को सूप, नारियल, नींबू, कद्दू, साड़ी, गमछा और चूड़ी सहित पूजा में उपयोग होने वाली कुल 51 प्रकार की सामग्रियां सम्मानपूर्वक भेंट की गईं।

फाउंडेशन के अध्यक्ष अमृत जैन एवं संरक्षक मंतोष कापरी ने बताया कि संस्था पिछले 9 वर्षों से निरंतर यह सेवा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्रती की आराधना अधूरी न रहे, इसी उद्देश्य से नहाय-खाय से लेकर अंतिम अर्घ्य तक की सभी आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं, सोमेश यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से जरूरतमंद महिलाओं को चिह्नित कर कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाता है, ताकि हर घर में पर्व का उत्साह बना रहे।

इस अवसर पर नगर विधायक रोहित पांडेय, मेयर वसुंधरा लाल, बिहारी लाल, नारायणी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. विनय कुमार भगत, महक जैन, हृतिक, सुयश, समृद्धि, आशीष सराफ, गिरधारी केजरीवाल, राजेश कुमार मंटू सिंह एवं सोमेश यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story