अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश, दोषियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश, दोषियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश


किशनगंज, 14 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्तिथ सभागार में जिला खनन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में खनन गतिविधियों, राजस्व संग्रह, बालू घाटों के संचालन, अवैध खनन पर कार्रवाई तथा ईंट भट्ठों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला खनन कार्यालय में पदस्थापित अधिकारियों एवं कर्मियों की कार्यप्रणाली, राजस्व समाहरण की स्थिति, बालू घाटों की नीलामी एवं संचालन, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण, ईंट भट्ठों के संचालन तथा कार्य विभागों से संबंधित बिहार खनिज नियमावली के प्रावधानों, रॉयल्टी एवं मालिकाना शुल्क की कटौती जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष में अब तक बालू, विभिन्न कार्य विभागों, दंड, मिट्टी एवं ईंट मद से कुल 1113.45 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है।

अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत 13 जुलाई 2026 तक 219.26 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में बालू घाटों के पांच क्लस्टर हैं, जबकि संचालित ईंट भट्ठों की संख्या 171 है। समीक्षा के दौरान डीएम नवीन कुमार ने कहा कि अवैध खनन पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नियमित रूप से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जाए और प्रत्येक कार्रवाई का समुचित दस्तावेजीकरण किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने राजस्व संग्रह में और वृद्धि के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा बिहार खनिज नियमावली के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, खनन निरीक्षक सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story