राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक


दरभंगा, 21 अगस्त (हि.स.)। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम एवं प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने जिले के सभी एसडीपीओ एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीजेएम जुनैद आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए पक्षकारों तक नोटिस की समय पर तामील बेहद जरूरी है। उन्होंने थानाध्यक्षों को अपनी निगरानी में नोटिस तामील कराने तथा पक्षकारों को लोक अदालत के उद्देश्य एवं इसके लाभों की जानकारी देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि नोटिस दोनों पक्षों के नाम से जारी किए जा रहे हैं। तामील कराने वाले पुलिस अधिकारी पक्षकारों से सीधे संवाद करते हैं, इसलिए उन्हें सुलह-समझौते के लिए प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने बताया कि सुलह-समझौते योग्य आपराधिक मामलों में, जहां समझौते की संभावना है अथवा सुलहनामा दाखिल हो चुका है और पक्षकार मामले का निष्पादन चाहते हैं, वे बिना नोटिस के भी राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर मामले का निपटारा करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में एक ही दिन में सुलह-समझौते योग्य विभिन्न प्रकार के मामलों के निपटारे की सुविधा उपलब्ध है। बैंकों से जुड़े ऋण मामलों के निपटारे के लिए भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को इन नोटिसों की ससमय तामील सुनिश्चित करने को कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story