पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात कर सेवा और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने का निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात कर सेवा और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने का निर्णय


अररिया 25 सितम्बर(हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में शुक्रवार को जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान और स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संगोष्ठी में उनके जीवन, राष्ट्र के प्रति योगदान, संगठन निर्माण तथा एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और चिंतन पर आधारित समग्र विकास की दृष्टि प्रस्तुत करता है। उनके विचारों को आत्मसात कर भाजपा कार्यकर्ता सेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

वहीं जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने संगठन और राजनीति को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। उनका अंत्योदय का विचार भाजपा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया।

वहीं सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, राष्ट्रनिष्ठा और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने भारतीय राजनीति को राष्ट्र और समाज की सेवा से जोड़ने का कार्य किया। उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को जनसेवा की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story