डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएओ ने किया निरीक्षण, खेतों में खुद बनाई किसानों की आईडी

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएओ ने किया निरीक्षण, खेतों में खुद बनाई किसानों की आईडी


कटिहार, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले में किसान हितैषी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने रविवार को प्राणपुर, कटिहार एवं बरारी सहित अन्य प्रखंडों का सघन क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान डीएओ ने खेतों में खुद उतरकर लगभग 30 खेतों का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया और मौके पर ही 25 किसानों की फार्मर आईडी जनरेट की। रविवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पूरे जिले में कुल 400 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की गई।

डीएओ राजीव कुमार ने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से भूमि और कृषि संबंधी सारा विवरण एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इससे भविष्य में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने में पूरी पारदर्शिता और सुगमता आएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी किसान ने नई जमाबंदी कराई है, तो उस खेत का रकबा भी पूर्व से निर्गत फार्मर आईडी में स्वतः जुड़ जाएगा, इसलिए सभी किसान अपनी जमाबंदी का विवरण सही और अद्यतन रखें।

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में डीएओ ने प्राणपुर बीज उत्पादन प्रक्षेत्र में लगी संकर धान और उरद की फसल का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उरद की फसल में भुआ कीट का प्रकोप पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों और किसानों को अनुशंसित कीटनाशक का तुरंत छिड़काव करने का निर्देश दिया। वहीं संकर धान की फसल संतोषजनक पाई गई। धान में आगामी दिनों में सुंडी कीट के संभावित खतरे को देखते हुए उन्होंने किसानों को खेतों में बर्ड पर्च (टी-आकार की खूंटियां) लगाने और रस्सी चलाने (रोप ड्रैगिंग) जैसी यांत्रिक व समेकित कीट प्रबंधन विधियों को अपनाने की सलाह दी।

डीएओ ने कहा कि किसानों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री का शत-प्रतिशत व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर किसानों को जागरूक करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story