सारण के मढ़ौरा और सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस सेवा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सारण के मढ़ौरा और सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस सेवा शुरू


सारण के मढ़ौरा और सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस सेवा शुरू


सारण, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले में किडनी के गंभीर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल में 5 बेड और सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल में 3 बेड की डायलिसिस सेवा शुरू कर दी है। इसके साथ ही सारण जिले के तीन सरकारी अस्पतालों में अब यह सुविधा उपलब्ध हो गई है।

पहले मढ़ौरा, सोनपुर, तरैया, मशरक और दिघवारा जैसे दूर-दराज इलाकों के मरीजों को हर हफ्ते दो से तीन बार डायलिसिस के लिए छपरा सदर अस्पताल, पटना या निजी केंद्रों का रुख करना पड़ता था। इससे समय और पैसों की भारी बर्बादी होती थी। यह सेवा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर संचालित हो रही है।

मढ़ौरा बिहार का पहला अनुमंडलीय अस्पताल था जहां सबसे पहले यह सुविधा शुरू की गई थी। बीपीएल कार्डधारियों को यह इलाज पूरी तरह नि:शुल्क दिया जा रहा है। बिना बीपीएल कार्ड वाले मरीजों के लिए भी सरकारी दर मात्र 1784 रुपये प्रति सेशन तय की गई है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविन्द कुमार ने बताया कि विभाग का लक्ष्य हर जरूरतमंद तक बेहतर इलाज पहुंचाना है और भविष्य में अनुमंडलीय अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story