सहयोग शिविर में 472 में 464 आवेदनों का निष्पादन, विधायक विजय खेमका रहे मौजूद

WhatsApp Channel Join Now
सहयोग शिविर में 472 में 464 आवेदनों का निष्पादन, विधायक विजय खेमका रहे मौजूद


पूर्णिया, 02 जून (हि.स.)।

पूर्णिया नगर निगम अंतर्गत अंचित साह हाई स्कूल तथा पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रजीगंज पंचायत भवन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजित सरकारी सहयोग शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण कर आमजनों से संवाद किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान उनके घर के निकट ही उपलब्ध कराना है, इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

विधायक ने बताया कि शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, आधार, जॉब कार्ड, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास, स्वनिधि योजना, होल्डिंग टैक्स, नल-जल, सड़क-नाला, सफाई, बिजली, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। रजीगंज शिविर में प्राप्त 472 आवेदनों में से 464 का निष्पादन किया गया। इस दौरान विधायक ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, जॉब कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, ई-श्रम कार्ड एवं शुद्धिपत्र का वितरण भी किया।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही नागरिकों से अपील की कि किसी भी दलाल या बिचौलिये के संपर्क में न आएं तथा भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी की शिकायत तत्काल प्रशासन को दें। शिविर में एडीएम, एसडीपीओ, नगर आयुक्त, बीडीओ, सीओ, थाना अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story