फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारियों ने मांगों को लेकर दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारियों ने मांगों को लेकर दिया धरना


अररिया 28 मार्च(हि.स.)। बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन से संबद्ध प्राप्त फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारी संघ के बैनरतले नगर परिषद के कर्मचारियों ने पूर्व में दिए गए अपने पांच सूत्री मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना दिया।फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सूरज कुमार सोनू की अध्यक्षता में आयोजित धरना

प्रदर्शन में हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद आदेश का अनुपालन नहीं करने और पूर्व में 17 नवंबर 2025 को दिए गए पांच सूत्री मांगों पर किसी तरह का विचार और आश्वासन के बावजूद अमलीजामा नहीं पहनाने के खिलाफ धरना प्रदर्शन दिया।प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद के कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना की अध्यक्षता कर रहे संघ के अध्यक्ष सूरज कुमार सोनू ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद को कर्मचारियों के हित को लेकर पांच सूत्री मांगों का एक मांगपत्र सौंपा गया था, जिस पर नगर परिषद प्रशासन ने उसे शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था,लेकिन तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि उनलोगों की मांगें महंगाई को देखते हुए दैनिक कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, वर्षों से काम कर रहे आठ दर्जन से अधिक दैनिक कर्मचारियों को भविष्य निधि और ईएसआई का लाभ देने,जाड़े और गर्मी के मौसम में अन्य विभाग और कार्यालय में प्रावधान के तहत पोशाक भत्ता दिए जाने, कर्मचारी सागर पासवान,सोनू सिंह और शम्भू मलिक को अकारण बिना किसी कारण बताए कार्य से हटा दिए जाने के मामले में उसे वापस लेने जैसी मांगें है।

सोनू ने बताया कि श्रम संसाधन विभाग के कानून में स्पष्ट प्रावधान है कि किसी भी कर्मचारी को हटाने से तीस दिन पहले नोटिस देने,सूचना के बाद हटाने पर तीन माह का अग्रिम मानदेय देने के प्रावधान का अनुपालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि फारबिसगंज नगर परिषद प्रशासन का अपना कानून है,जहां हाईकोर्ट के आदेश का भी पालन नहीं किया जाता है,जबकि नगर विकास एवं आवास विभाग ने स्पष्ट तौर पर हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में अक्षरशः पालन करने का आदेश दिया है।बावजूद इसके नगर परिषद प्रशासन कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बार बार कर रहा है।उन्होंने कहा कि अगर पंद्रह दिनों के भीतर उनकी पांच सूत्री मांगों पर विचार नहीं किया गया तो नगर परिषद कर्मचारी संघ उग्र आंदोलन करेगा।

मौके पर संघ से जुड़े सैकड़ों कर्मचारी मौजूद ये।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story