वट सावित्री पूजा पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
वट सावित्री पूजा पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़


वट सावित्री पूजा पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़


सुपौल, 16 मई (हि.स.)। जिले में शनिवार को वट सावित्री पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने व्रत रखकर वट वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की।

जिले के विभिन्न मंदिरों, पूजा स्थलों और वट वृक्ष के पास महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही। पारंपरिक परिधान और श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पूजा की थाली लेकर वट वृक्ष की परिक्रमा की तथा रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान महिलाओं ने वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया और धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया।

कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना भी की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। मान्यता है कि वट सावित्री व्रत करने से पति की आयु लंबी होती है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर पूजा की। मंदिरों में पूजा को लेकर सुबह से ही चहल-पहल बनी रही और श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ पहुंचती रही।

पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। पूजन सामग्री, फल, फूल, अगरबत्ती, रक्षा सूत्र और अन्य धार्मिक सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। पूरे जिले में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा तथा महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ वट सावित्री पर्व मनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story