तीसरी सोमवारी पर शिवभक्ति के रंग में सराबोर हुआ भागलपुर
भागलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)।
सावन की तीसरी सोमवारी पर आज पूरा भागलपुर जिला शिवभक्ति के रंग में सराबोर है।
सिल्क सिटी के तमाम प्रमुख शिवालयों और ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है।
'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान है। विशेष बात यह है कि इस बार तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी का पावन संयोग भी बना है, जिससे पूजा-अर्चना का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
भागलपुर शहर और उसके आसपास के प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और भव्य फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
शहर के ऐतिहासिक और पौराणिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर मंदिर में सुबह तड़के सरकारी पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए। यहाँ जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
भूतनाथ मंदिर में बाबा भूतनाथ का अलौकिक शृंगार और विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया है, जहाँ युवा भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शिवशक्ति मंदिर आदमपुर भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर के सेवक दिनेश मंडल के अनुसार, महंत अरुण बाबा की देखरेख में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में कटिहार, जोगबनी और पूर्णिया के प्रसिद्ध कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगें।
सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा तट पर स्थित इस विश्वप्रसिद्ध मंदिर में कांवरियों और स्थानीय भक्तों का रेला उमड़ा हुआ है।
श्रद्धालु गंगा स्नान कर सीधे बाबा अजगैबीनाथ पर जलाभिषेक कर रहे हैं और यहाँ से जल भरकर देवघर (बाबाधाम) के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। इसके अलावा शहर के गोपेश्वर महादेव, कुपेश्वर महादेव (तिलकामांझी) और मनसकामना नाथ मंदिर (नाथनगर) में भी तड़के 4 बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है।
भक्त शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल, कच्चा दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, शहद, चंदन और अक्षत अर्पित कर रहे हैं। कई मंदिरों और घरों में सुख-समृद्धि की कामना के लिए विशेष रुद्राभिषेक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। शाम को सभी प्रमुख शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की महाआरती और विशेष शृंगार दर्शन का आयोजन होगा। इधर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और मंदिर समितियों ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बाबा बूढ़ानाथ और भूतनाथ मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग बनाई गई है। हुड़दंगियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार और वालंटियर्स की मुस्तैदी की गई है। पुलिस बल विभिन्न चौक-चौराहों और मंदिर मार्गों पर तैनात है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

