नवाह संकीर्तन के दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जय श्यामा माई के नामधुन पर झूमे भक्त

WhatsApp Channel Join Now
नवाह संकीर्तन के दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जय श्यामा माई के नामधुन पर झूमे भक्त


दरभंगा, 29 नवंबर (हि.स.)। राज दरभंगा के निजी श्मशान माधवेश्वर प्रांगण स्थित श्रीरमेश्वरी श्यामा मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय नवाह संकीर्तन के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

अवकाश का दिन होने के कारण दरभंगा के अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, घोघरडीहा, निर्मली और जयनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। दोपहर से शाम तक मंदिर परिसर में विशेष रूप से महिलाओं की भीड़ रही।

संकीर्तन मंच पर डॉ. ममता ठाकुर, विभा झा, अनुपमा मिश्र एवं डॉ. सुषमा झा के नेतृत्व में महिला मंडली ने वाद्ययंत्रों के साथ लगातार 'जय श्यामा माई' नामधुन प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बना दिया।

नामधुन की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे। वहीं, घंटाघर के समीप स्थित यज्ञवेदी पर दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं जप का अनुष्ठान जारी रहा। माधवेश्वर तालाब के आसपास स्थित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।

मां श्यामा न्यास समिति के अध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र मोहन झा आयोजन की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। प्रभारी सह सचिव मधुबाला सिन्हा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था की गई है। मां श्यामा विश्राम भवन में 50 रुपये शुल्क पर 12 घंटे ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story