21 हजार दीपों से जगमगाएगा सौरा नदी तट, पहली बार दोनों किनारों पर होगी भव्य महाआरती

WhatsApp Channel Join Now
21 हजार दीपों से जगमगाएगा सौरा नदी तट, पहली बार दोनों किनारों पर होगी भव्य महाआरती


21 हजार दीपों से जगमगाएगा सौरा नदी तट, पहली बार दोनों किनारों पर होगी भव्य महाआरती


पूर्णिया, 20 नवंबर (हि.स.)।

आगामी 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर पूर्णिया का ऐतिहासिक सौरा नदी तट आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा। श्री राम सेवा संघ परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में पहली बार नदी के दोनों तटों पर भव्य महाआरती होगी। एक साथ 21 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और 17 महाआरतियों का विशेष संगम देखने को मिलेगा।

आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए श्री राम सेवा संघ के संस्थापक राणा प्रताप सिंह, आतिश सनातनी एवं अन्य आयोजकों ने बताया कि प्रसिद्ध कलाकार गुल्लू दा के नेतृत्व में लगभग एक हजार कलाकार दस क्विंटल अबीर-गुलाल से विशाल रंगोली तैयार करेंगे। तिवारी बाबा जी महाराज के विशेष प्रयासों से वाराणसी के अस्सी घाट की प्रसिद्ध आरती टीम शामिल होगी। मिथिला के कलाकार भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे, जबकि भागलपुर की विशेषज्ञ टीम आकर्षक आतिशबाजी करेगी। पूरे आयोजन स्थल को भगवा पताकाओं और भगवा लड़ियों से सजाया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि कोसी क्षेत्र के आठ जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को शुद्ध घी में भुना हुआ प्रसिद्ध मखाना प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा। पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की गई है। एक हजार से अधिक स्वयंसेवक व्यवस्था संभालेंगे। श्री राम सेवा संघ परिवार का एक-एक सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटा है।

राणा प्रताप सिंह और आतिश सनातनी ने कहा कि 21 हजार दीपों और 17 महाआरतियों का ऐसा भव्य संगम बिहार में विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने पूर्णिया सहित समूचे कोसी-सीमांचल के श्रद्धालुओं से मंगलवार, 24 नवंबर को संध्या पांच बजे सौरा नदी तट पर सपरिवार पहुंचकर इस ऐतिहासिक देव दीपावली महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story