छपरा में जनगणना कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे उप महारजिस्ट्रार
सारण, 11 अगस्त (हि.स.)। भारत की जनगणना के अंतर्गत तैयार की जा रही जिला जनगणना पुस्तिका के कार्यों का जायजा लेने उप महारजिस्ट्रार दिनेश कुमार छपरा पहुंचे। उन्होंने छपरा नगर निगम एवं नगरा प्रखंड में स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि डीसीएचबी भविष्य में योजना निर्माण और प्रशासनिक निर्णयों का मुख्य आधार बनेगा, इसलिए ग्राम स्तर पर शैक्षणिक, चिकित्सा, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारियों का सटीक और अद्यतन होना अनिवार्य है। उन्होंने एक्सेल शीट के जरिए विभागवार डेटा संकलित करने और आवश्यकता पड़ने पर जिलाधिकारी के माध्यम से फॉलोअप कराने के निर्देश दिए।
जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद ने बताया कि चार्ज स्तर पर कार्य पूरा करने का लक्ष्य 24 अगस्त तय किया गया है, जिसके बाद डेटा की गुणवत्ता जांचकर अंतिम सबमिशन किया जाएगा। इस दौरान निदेशालय के सहायक निदेशक राहुल श्रीवास्तव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

