गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से हुए क्षति काे नियंत्रित करने में लगे है अधिकारी: विजय चाैधरी
पटना, 29 सितंबर (हि.स.)।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चाैधरी ने कहा कि नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी के साथ मैंने मोतिहारी एवं गोपालगंज के डुमरिया घाट जाकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया है।
मंगलवार काे जदयू कार्यालय में पत्रकाराें से बात करते हुए उन्होंने बताया कि पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के बाएं तट पर स्थित बेरिया एवं बगहा के दो तटबंध क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग के सचिव एवं संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों तटबंधों के आसपास चंवर का क्षेत्र है, जिसके कारण आबादी आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध के विरुद्ध एनडीए की जीरो टाॅलरेंस की घोषित नीति रही है। नीतीश कुमार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया और उसी अवधारणा को मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी आगे बढ़ रहे हैं। आपराधिक घटनाओं के विरुद्ध सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। एसआईआर के दौरान हमने विधानसभा के फ्लोर से स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि कोई सही मतदाता छूट गया है अथवा किसी गलत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़़ गया है, तो उसका नाम बताया जाए। लेकिन विपक्ष की ओर से ऐसा एक भी नाम नहीं बताया गया। इसके बाद एसआईआर पर सवाल उठाना पूरी तरह बेबुनियाद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

