उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने सोनपुर में विद्यालय का किया उद्घाटन
सारण, 19 जुलाई (हि.स.)। सोनपुर बिहार सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहिम के तहत सारण जिले के 20 प्रखंडों में 21 नवनिर्मित आदर्श विद्यालयों का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। इसी क्रम में जिले के सोनपुर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय परिसर में के.पी.एस.पी. उच्च विद्यालय गंगाजल +2 का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री -सह- प्रभारी मंत्री, सारण जिला, विजेंद्र प्रसाद यादव ने फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने ज्ञानवान बिहार और ऊर्जावान बिहार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शिक्षा और ऊर्जा ही राज्य के नवनिर्माण की असली धुरी हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण ज्ञान से जुड़कर अपनी बेहतरी के साथ-साथ राज्य और राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में अनुभवी शिक्षक, विषय विशेषज्ञ, स्मार्ट क्लासेज, आधुनिक लाइब्रेरी, लैब, खेल संरचना और करियर काउंसलिंग जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मौजूद हैं। यहाँ से पढ़कर निकलने वाले बच्चे इंजीनियरिंग, मेडिकल और यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने उपमुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ देकर उनकी अगवानी की, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सभागार में छात्राओं द्वारा स्वागत गान, दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।
इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा आदर्श विद्यालयों के डिजिटल लोकार्पण समारोह का सीधा लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने एकाग्रता से सुना। इस मौके पर विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

