मंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने पर दिया बल

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने पर दिया बल


पटना, 13 मई (हि.स.)। राज्य के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव की अध्यक्षता में बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें मंत्री ने विभागीय पदाधिकारियों को सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने सुधा मॉडल की तर्ज पर बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) के माध्यम से राज्य में सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित करने हेतु पायलट परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा विपणन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने मधुबनी जिले के सकरी एवं दरभंगा जिले के रैयाम स्थित बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः संचालित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही शहद उत्पादक सहकारी समितियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा इनके विस्तार हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करने को कहा।

मंत्री ने अनुमंडल स्तर पर विभागीय कार्यालय परिसर निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अधिक दक्षता एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

मंत्री ने सभी स्तर के पदाधिकारियों को सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिकाधिक समितियों को क्रियाशील बनाकर सहकारिता आंदोलन को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार राज्य स्वावलंबी सहकारी समिति अधिकरण को यथाशीघ्र कार्यरत करने का भी निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story