13 प्रखंडों की 9.5 लाख आबादी जलजमाव से त्रस्त, डेंगू और मलेरिया का बढ़ा प्रकोप

WhatsApp Channel Join Now
13 प्रखंडों की 9.5 लाख आबादी जलजमाव से त्रस्त, डेंगू और मलेरिया का बढ़ा प्रकोप


भागलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। बाढ़ का पानी खेतों और सड़कों से धीरे-धीरे कम तो हो रहा है, लेकिन पीछे छूट रही गंदगी, सिल्ट और कीचड़ ने ज़िले में जलजनित बीमारियों और मच्छरों के आतंक को जन्म दे दिया है।

वर्तमान में भागलपुर ज़िले के कुल 13 प्रखंडों के लगभग 456 गांवों की 9.50 लाख से अधिक की आबादी भीषण जलजमाव और सड़ांध से पैदा हुए मच्छरों के प्रकोप से जूझ रही है। बाढ़ प्रभावित इन क्षेत्रों में फैल रहे वायरल बुखार, डायरिया और स्किन एलर्जी के चलते जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की कतारें लंबी हो गई हैं।

सबसे बड़ा अलर्ट डेंगू को लेकर जारी किया गया है। मायागंज अस्पताल के फैब्रिकेटेड वार्ड में 30 बेड का विशेष डेंगू वार्ड चालू कर दिया गया है, जहां संदिग्ध और पुष्ट मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। सिविल सर्जन कार्यालय ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित पंचायतों में युद्धस्तर पर चूना और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के साथ-साथ फॉगिंग मशीनों को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थिति बेकाबू न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story