सूखा नशा पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सूखा नशा पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन


भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर जिला नागरिक परिषद एवं भाजपा नवगछिया जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पुलिस जिले में तेजी से फैल रहे सूखा नशा (स्मैक) के सेवन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, दिलीप उर्फ बबलू चौधरी तथा खरीक मंडल भाजपा के कन्हैया झा भी शामिल थे।

ज्ञापन में कहा गया कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे नवगछिया पुलिस जिले में सूखा नशा और स्मैक का दुष्प्रभाव सबसे अधिक युवाओं एवं किशोरों पर पड़ रहा है।

नशे की लत के कारण कई युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। साथ ही स्मैक का बढ़ता चलन केवल स्वास्थ्य और भविष्य के लिए ही नहीं, बल्कि चोरी, लूट, मारपीट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा दे रहा है।

प्रो. गौतम ने कहा कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसके दुष्परिणाम समाज और आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ेंगे।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से बिहपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे नवगछिया पुलिस जिले में सूखा नशा व स्मैक की तस्करी, बिक्री और सेवन के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नियमित छापेमारी, जन-जागरूकता अभियान तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई चलाने की भी अपील की, ताकि युवाओं को इस घातक प्रवृत्ति से बचाया जा सके और क्षेत्र में शांति, कानून- व्यवस्था तथा स्वस्थ सामाजिक वातावरण कायम रहे।

इस अवसर पर एसपी वैभव शर्मा ने नशा मुक्ति की दिशा में आमजन एवं बुद्धिजीवियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन समाज के बीच जाकर अभिभावकों से सीधा संवाद करेगा और उनसे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील करेगा।

उन्होंने कहा, यदि हर अभिभावक अपने बच्चे पर ध्यान दे, तो न केवल उसका अपना बच्चा बल्कि पूरा समाज नशे की दलदल में जाने से बच सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story