ठाकुरगंज व बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग तेज
किशनगंज, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज को नए अनुमंडल का दर्जा देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने इस संबंध में पूर्णिया प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र भेजकर नियम के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर सरकार के सक्षम स्तर पर भेजने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में कहा है कि जिले की भौगोलिक स्थिति, बड़ी आबादी, प्रशासनिक दूरी तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की परिस्थितियों को देखते हुए ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल का दर्जा दिया जाना जनहित में आवश्यक है। दोनों क्षेत्रों के लोगों को वर्तमान में अनुमंडल स्तर के कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नए अनुमंडल के गठन से लोगों को प्रशासनिक एवं लोककल्याणकारी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
डॉ. जावेद ने पत्र में बताया कि इस मांग को पूर्व में मुख्यमंत्री, सामान्य प्रशासन विभाग सहित अन्य सक्षम स्तरों पर भी उठाया जा चुका है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने पत्र संख्या 930/KNE/2026, दिनांक 25 जुलाई 2026 के माध्यम से मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा था। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 15 सितंबर 2026 को ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने संबंधी प्रस्ताव प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी से प्राप्त नहीं होने की जानकारी दी गई।
इसके बाद सांसद ने प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र भेजकर इस दिशा में कार्रवाई का आग्रह किया है। सांसद ने भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, क्षेत्रफल, प्रशासनिक दूरी, प्रखंडों की स्थिति और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों क्षेत्रों को नया अनुमंडल बनाए जाने की आवश्यकता का परीक्षण कराने को कहा है। साथ ही नियमसम्मत प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने तथा अब तक हुई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि नए अनुमंडलों के गठन से सीमावर्ती एवं सुदूर क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं नजदीक मिल सकेंगी और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुविधा होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

