जोगबनी से देवघर के बीच श्रावणी स्पेशल ट्रेन के परिचालन की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जोगबनी से देवघर के बीच श्रावणी स्पेशल ट्रेन के परिचालन की मांग


अररिया 05 जुलाई(हि.स.)।

सावन और भादो मास में बड़ी संख्या में सीमांचल सहित नेपाल से शिव भक्त देवघर रावणेश्वर शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए जाते हैं।लेकिन देवघर तक के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण शिव भक्तों को सड़क मार्ग से अधिक किराया और समय देकर देवघर जाना पड़ता है।

हजारों शिव भक्तों की सुविधा को लेकर रेल संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों ने कटिहार डीआरएम से जोगबनी से देवघर के लिए श्रावणी स्पेशल त्रिसाप्ताहिक ट्रेन के परिचालन की मांग की है।भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर ट्रैफिक के बढ़े दवाब को लेकर भागलपुर के रास्ते सुल्तानगंज जाने में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।

बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के केंद्रीय समिति के सदस्य बछराज राखेचा, इंडो-नेपाल ऑर्गेनाइजेशन आफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी,बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के सदस्य चंदन भगत, स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य सुभाष अग्रवाल,सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा आदि ने जोगबनी से फारबिसगंज, अररिया कोर्ट, पूर्णिया, कटिहार, मानसी, खगड़िया से नवनिर्मित रेल पुल होते हुए मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर,बांका होते हुए देवघर तक के लिए आगामी सावन भादो मास के लिए त्रिसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाए जाने की मांग मंडल रेल प्रबंधक कटिहार से की।जिसको लेकर महाप्रबंधक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मालीगांव एवं हाजीपुर को पत्र भी प्रेषित किया गया है।

रेल से जुड़े संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए काफी सुविधाजनक एवं वरदान साबित होगी। साथ ही साथ रेलवे को इससे काफी राजस्व भी मिलेगा। सांसद के रेल प्रतिनिधि विनोद सरावगी ने सांसद प्रदीप सिंह से इस मामले में पहल किए जाने का अनुरोध किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story