दिन में ओवरलोडेड ट्रकों से ढुलाई और जेसीबी से कटाई पर रोक लगाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
दिन में ओवरलोडेड ट्रकों से ढुलाई और जेसीबी से कटाई पर रोक लगाने की मांग


दिन में ओवरलोडेड ट्रकों से ढुलाई और जेसीबी से कटाई पर रोक लगाने की मांग


किशनगंज, 19 नवंबर (हि.स.)। रामपुर से बहादुरगंज के बीच चल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य के दौरान दिन में ओवरलोडेड ट्रकों से बालू-मिट्टी की ढुलाई और जेसीबी मशीनों से कटाई किए जाने को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने चिंता जताई है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दिन के समय इन कार्यों पर रोक लगाने की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान दिन में ओवरलोडेड ट्रकों से बालू और मिट्टी की ढुलाई तथा बगलवाड़ी पुल के समीप जेसीबी मशीनों से कटाई के कारण क्षेत्र में धूल-मिट्टी का भारी गुबार उठता है। इसके साथ ही सड़क पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। जनहित को देखते हुए सांसद ने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को बालू-मिट्टी की ढुलाई और जेसीबी से कटाई का कार्य नियमानुसार रात्रि में कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया है। साथ ही ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने और धूल-मिट्टी से बचाव के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। सांसद ने इस मामले में स्थानीय नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदन की छायाप्रति भी केंद्रीय मंत्री को भेजी है। वहीं, आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, किशनगंज को भी प्रेषित की गई है। अब स्थानीय लोगों को प्रशासनिक स्तर पर इस समस्या के समाधान की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779528 Articles

Share this story