सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने की मांग, सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने की मांग, सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र


किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों, एएनएम तथा स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति व पदस्थापन की मांग को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री को पुनः पत्र लिखा है।

इससे पहले भी सांसद ने 29 मई 2026 को पत्र भेजकर स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने का आग्रह किया था।सांसद ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के पद रिक्त रहने से मरीजों को समुचित उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। इससे विशेषकर गरीब एवं ग्रामीण परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री की ओर से किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के आवश्यक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके अपेक्षित पदस्थापन नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है।

सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री से किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत एवं रिक्त पदों की समीक्षा कर चिकित्सकों, एएनएम और अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की शीघ्र पदस्थापना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में सांसद ने किशनगंज जिले में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए थे।

राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2026 में चिकित्सकों की भर्ती संबंधी प्रक्रियाएं भी जारी की गई हैं। डॉ. जावेद आजाद ने कहा कि सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नजदीक ही बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस मुद्दे को वे संबंधित विभाग के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story