मत्स्य बाजार को जल्द चालू कराने की मांग, भाजपा जिला प्रवक्ता ने एमएलसी को सौंपा आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
मत्स्य बाजार को जल्द चालू कराने की मांग, भाजपा जिला प्रवक्ता ने एमएलसी को सौंपा आवेदन


किशनगंज, 15 जून (हि.स.)। ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के समीप निर्मित प्रखंड स्तरीय मत्स्य बाजार के अब तक शुरू नहीं होने पर भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव ने बिहार विधान परिषद सदस्य को आवेदन सौंपकर इसके शीघ्र संचालन की मांग की है।

सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि मुख्यमंत्री मत्स्य विपणन योजना के तहत करीब 23.95 लाख रुपये की लागत से मत्स्य बाजार का निर्माण कराया गया था। बाजार का उद्घाटन 22 सितंबर 2025 को किया गया था, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है।

आवेदन में कहा गया है कि दुकान आवंटन की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण स्थानीय मछली व्यवसायियों को आज भी पुराने एवं असुविधाजनक स्थानों पर कारोबार करना पड़ रहा है। इससे व्यवसायियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सरकारी राशि से निर्मित बाजार का उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पा रहा है।

भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव ने संबंधित विभाग और प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुकान आवंटन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा मत्स्य बाजार को अविलंब चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार के शुरू होने से स्थानीय मछली व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।

स्थानीय लोगों का भी मानना है कि मत्स्य बाजार के संचालन से क्षेत्र में मत्स्य व्यवसाय को नई गति मिलेगी तथा रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। लोगों ने प्रशासन से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story