ऑपरेशन के नाम पर 40 हजार की मांग का आरोप, राजद नेता ने उठाया मामला

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन के नाम पर 40 हजार की मांग का आरोप, राजद नेता ने उठाया मामला


भागलपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अवैध पैसे की मांग का मामला सामने आया है।

नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के बैजलपुर पंचायत के कुरपट गांव की निवासी माला देवी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये की मांग की गई। मामले की जानकारी मिलने पर नाथनगर विधानसभा से राजद के पूर्व प्रत्याशी जेड हसन अस्पताल पहुंचे और मरीज और उनके परिजन से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को भी मामले से अवगत कराया। जेड हसन ने बताया कि उन्होंने हड्डी रोग विभाग के हेड से फोन पर बात कर मरीज को उनके यूनिट में भर्ती कराने का अनुरोध किया। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीज को दूसरे यूनिट में एडमिट किया गया और बेड की व्यवस्था भी कराई गई।

उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से बात कर आरोपी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर पैसे मांगना बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story